CrimeExclusiveMafia

डॉन रवि पुजारी समेत कुल चार लोग हुए हैं होटल नमस्ते इंडिया के करीब गिरफ्तार!

  • रवि को किया होटल नमस्ते इंडिया के करीब गिरफ्तार
  • रवि पुजारी के साथ हुए चार और गिरफ्तार
  • गिरोहबाज के फिंगरप्रिंट का हुआ मिलान
  • रवि पुजारी को रखा है न्यायिक हिरासत में

विवेक अग्रवाल

मुंबई, 5 फरवरी, 2019

पश्चिम अफ्रीकी देश सेनेगल की राजधानी डकार में गिरफ्तार भारतीय गिरोह सरगना रवि पुजारी के बारे में कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आ रही हैं। उसके साथ कुछ और लोग गिरफ्तार हुए हैं। उसके फिंगरप्रिंट का मिलान भी हो गया है। उसे इंटरपोल अधिकारियों ने डकार के एक होटल के पास स्थित नाई की दूकान से दबोचा है।

रवि पुजारी का इंटरपोल द्वारा जारी रेड कॉर्नर नोटिस – तस्वीर साभार – सीबीआई

चार हुए हैं गिरफ्तार

रवि पुजारी के अलावा मौके से पुलिस ने चार और लोगों को हिरासत में लिया है। ये सभी भारतीय हैं। इनमें से दो के पास वर्क वीजा है, जिसके कारण उनका भारत प्रत्यर्पण संभव नहीं है।

यह भी पता चला है कि सेनेगल में रवि पुजारी के साथ गिरफ्तार हुए चार लोगों में एक पुलिस मुखबिर भी है।

 

कहां हुआ रवि गिरफ्तार

होटल नमस्ते इंडिया की कई शाखाएं हैं। कुछ पोर्टल और अखबार यह खबर दे रहे हैं कि रवि सुल्या पुजारी उर्फ आरपी को एक नाई की दूकान से पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

गिरोह सरगना रवि पुजारी के कथित होटल नमस्ते इंडिया का साईन बोर्ड

हमारे सूत्रों का कहना है कि सेनेगल की राजधानी डकार में होटल नमस्ते इंडिया के पास स्थित एक नाई की दूकान पर दाढ़ी बनवाते वक्त इस भारतीय गिरोह सरगना की गिरफ्तारी हुई है।

इसी नाम का एक होटल ऑस्ट्रेलिया, एक सेनेगल और एक आयरलैंड में है। यह होटल एकदम ब्रिटेन और आयरलेंड सीमा पर ही स्थित है। सूत्रों के मुताबिक डकार का होटल सबसे नया है।

न्यायिक हिरासत में रवि पुजारी

सूत्रों के मुताबिक रवि पुजारी को न्यायिक हिरासत में सेनेगल की अदालत ने भेजा है। उसका मामला अब अपील में जा चुका है, जिसके कारण उसे तुरंत भारत को सौंपना संभव नहीं रह गया है।

पता चला है कि कर्नाटक पुलिस के एक आईपीएस अधिकारी की सदारत में पुलिस दस्ता सेनेगल एक फरवरी तक जा पहुंचा था। वे रवि का प्रत्यर्पण करवाने के लिए तमाम दस्तावेज साथ ले गए हैं। उन्होंने ये दस्तावेज सेनेगल की अदालत में पेश भी किए हैं।

फिंगरप्रिंट हो गए मैच

यह जानकारी भी आई है कि रवि पुजारी के फिंगरप्रिंट का जो सेट कर्नाटक पुलिस ने पहले भी इंटरपोल के जरिए सेनेगल पुलिस के पास भेजा था, उसके अलावा एक नया सेट लेकर दस्ता पहुंचा है। इनके जरिए रवि के फिंगरप्रिंट का मिलान स्थानीय पुलिस अधिकारियों के विशेषज्ञों ने किया है।

यह जानकारी सामने आ रही है कि रवि के फिंगरप्रिंट का मिलान हो गया है।

गिरोहबाज रवि पुजारी की ताजा तस्वीर

जल्द वापसी संभव नहीं

कानूनी जानकारों का कहना है कि भले ही रवि के फिंगरप्रिंट का मिलान सेनेगल पुलिस ने कर लिया है और उसे अदालत में भी पेश किया जाएगा, बावजूद इसके भारत वापसी मुश्किल होगी।

वह चूंकी श्रीलंकाई पासपोर्ट पर वहां आया है, उसी के आधार पर रहता है, जिसके कारण सेनेगल पुलिस को श्रीलंका सरकार से भी उसके बारे में स्टेटस रिपोर्ट मांगनी पड़ सकती है।

श्रीलंका से अगर रवि पुजारी की नागरिकता के बारे में नकारात्मक उत्तर मिलता है, और यह भी कहा जाता है कि पासपोर्ट नकली है, तो इन हालात में रवि पुजारी की भारत वापसी आसान हो जाएगी।

श्रीलंका से यदि उत्तर रवि के पक्ष में आता है तो भारत सरकार के लिए मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं। इसके बाद लंबी कानूनी लड़ाई के बाद ही जो फैसला आएगा, वह मानना भारतीय अधिकारियों के लिए मजबूरी होगी।

……………………………………………………………………………………………………………………………..

#India #Underworld #Don #Ravi_Pujari #Senegal #Extradition #Mumbai #Gangster #RP #Anthony_Fernandez #अंडरवर्ल्ड #डॉन #रविपुजारी #सेनेगल #गिरफ्तार #Vivek_Agrawal #विवेकअग्रवाल

Leave a Reply

Web Design BangladeshBangladesh Online Market