ExclusiveSatta

सत्ता का घमासान और सट्टे का भेड़िया धसान : बिहार चुनाव पर सट्टेबाजी जोरों पर

विवेक अग्रवाल

मुंबई, 04 नवंबर 2020

बिहार के विधानसभा चुनाव पर 30 अक्टूबर 2020 को पहली दफा भारत के सट्टेबाजों ने भी भाव खोले।

भारत के राजनीतिक सट्टेबाजी इतिहास में पहली बार हुआ कि सट्टेबाजों ने किसी विधानसभा चुनाव का पहला चरण बीतने के बाद भाव खोले हैं। बिहार में कुल 243 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव हो रहा है।

एक बुकी के मुताबिक नितीश कुमार की सदारत में चल रही वर्तमान सरकार के खिलाफ जनता में खासी नाराजगी है। इसका प्रमुख कारण कोरोनावायरस महामारी के दौरान राज्य भर में समस्याएं बनी रहना है। लोगों को इलाज नहीं मिला, बिहार के लाखों नागरिक अन्य राज्यों से घरों तक पैदल पहुंचे और उनके साथ अपने ही राज्य में बुरा सलूक हुआ। इतना ही नहीं कोरोनावायरस महामारी के दौरान, जो बेरोजगारी और गरीबी का विस्तार हुआ, उससे भी जनता में नाराजगी बनी हुई है। इसका असर चुनाव परिणामों पर दिखने की संभावना भी सट्टाबाजार जता रहा है।

एनडीए के भाव

एक बुकी के मुताबिक एनडीए को बिहार में कुल मिला कर 81 से 83 तक ही सीटें मिल सकेंगी। उसके मुताबिक 65 सीट हासिल करने पर 32 पैसे, 70 सीट के लिए 57 पैसे, 75 सीट हेतु 80 पैसे और 81 सीट पर जीत के लिए एक रुपए याने इवन मनी का भाव चल रहा है।

आरजेडी के भाव

इस बुकी के मुताबिक आरजेडी को 90 सीट पर विजय मिल सकती है, जिसके लिए 32 पैसे का भाव चल रहा है। 95 सीट के लिए 72 पैसे और 97 सीट के लिए एक रुपए याने इवन मनी का भाव चल रहा है।

इंका के भाव

बुकी ने यह भी बताया कि कांग्रेस की हालत बिहार चुनाव में भी खस्ता ही रहेगी। कांग्रेस को 20 सीट की जीत पर 35 पैसे का भाव सट्टा बाजार ने खोला है। 25 सीट मिलने पर 67 पैसे और 31 सीट मिलने पर एक रूपए का भाव बताया जा रहा है।

मुख्यमंत्री के भाव

सट्टाबाजार सूत्रों के मुताबिक बिहार में मुख्यमंत्री पद के लिए भाव अभी नहीं खुले हैं। असल मुद्दा यह है कि बुकियों को समझ ही नहीं आ रहा है कि जनता का रुझान क्या है। बुकी पूरी तरह गफलत में हैं। वे जनमानस का अनुमान बिल्कुल नहीं लगा पा रहे हैं।

मध्यप्रदेश में 26 सीटों पर उपचुनाव

मध्यप्रदेश के 2020 के उपचुनाव भाजपा विरुद्ध कांग्रेस ना होकर, कमलनाथ बनाम ज्योतिरादित्य सिंधिया हो गए हैं।

मुंबई के सट्टाबाजार में माना जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी को अधिकतम 17 सीटों पर विजय मिल सकती है।

भाजपा द्वारा 13 सीटों पर जीत हासिल करने के लिए 42 पैसे का भाव चल रहा है। 14 सीटों के लिए 52 पैसे, 15 सीटों के लिए 75 पैसे, 16 सीटों के लिए एक रूपए और 17 सीटों के लिए डेढ़ रुपए का भाव चल रहा है।

दूसरी तरफ कांग्रेस को अधिकतम 12 सीटें मिलने के बारे में सट्टाबाजार कह रहा है। कम से कम 9 सीटों का भाव 32 पैसे खोला गया है 10 सीट के लिए 52 पैसे, 11 सीट के लिए 72 पैसे और 12 सीट के लिए 1.10 रुपए के भाव चल रहे हैं।

गुजरात उपचुनाव

गुजरात में भी 8 सीटों पर उपचुनाव होना है, जिसमें भाजपा के पांच सीट जीतने पर ही भाव खुला है। इसके लिए एक रुपए यानी इवन मनी का खेल चल रहा है।

उत्तरप्रदेश उपचुनाव

राजनीतिक सट्टेबाजी के खेल में उत्तरप्रदेश के उपचुनाव पर भी सट्टेबाजी चल रही है। कहा जा रहा है कि भाजपा पांच सीट जीती तो उसके लिए एक रुपए का भाव रहेगा।

अमेरिकी चुनाव का सट्टा

मुंबई सट्टाबाजार सूत्रों के मुताबिक इस बार मुंबई के सट्टेबाजों ने अमेरिकी राष्ट्रपति के चुनाव पर भी भाव खोलने की मंशा जताई है। पहले चरण के मतदान होने के बाद संभवतः यह सट्टा भी खुलेगा।

हजारों करोड़ के वारे-न्यारे

सट्टाबाजार सूत्रों के मुताबिक बिहार की राजनीतिक बिसात पर मजे घमासान पर कुल मिला कर 30 से 35 हजार करोड रुपए का सट्टा लगने का अनुमान है। चुनाव परिणाम आने तक यह सट्टाबाजी जारी रहेगी। चुनाव परिणाम आने के बाद पहले सोमवार को वलण होने की बात कही जा रही है।

Leave a Reply

Web Design BangladeshBangladesh Online Market