ArticlesCeleb CrimeCrimeDrugsExclusive

Rave Party Mafia 06: रेव में राड़ा

रेव पार्टी याने हंगामा, मौज-मस्ती, लड़कियां, नशा, पैसा, ताकत। मुंबई में रेव पार्टी सभ्य समाज के कोढ़ सरीखा है। एक रेव पार्टी ने तो सभ्यजनों के खेल क्रिकेट को भी कलंकित कर दिया। आईपीएल को इसके बाद से ही ‘इंडियन पाप’ लीग भी कहा जाने लगा। होटल ओकवुड प्रीमियर के रूफटॉप रेस्तोरां अजोक के बारे में मशहूर है कि यहां बड़ी-बड़ी फिल्मी हस्तियों के हर रोज नकाब और कपड़े दोनों उतरते हैं। मस्ती माफिया रेव पार्टियां आयोजित करता है। पूरे देश में मस्ती माफिया विस्तार पा चुका है। मुंबई, दिल्ली, बंगलुरू, कोलकाता, चेन्नई ही नहीं इंदौर, रायपुर, भोपाल, लखनऊ, पटना, रांची जैसे छोटे शहरों में भी आम चलन में आ चुकी मस्ती माफिया की रेव पार्टियों के सनसनीखेज संसार की सैर पर चलें विवेक अग्रवाल के साथ।

रेव पार्टियों में सांप का जहर

15 मार्च 2012

रेव पार्टियों के लिए सांप का जहर बतौर नशा इस्तेमाल होता है। सांप का जहर बेचने के मामले में मोईन और महमूद को पुलिस ने पकड़ा था।. जहर रोडवेज की बस में मेरठ जा रहा था।

पुलिस ने उनसे दो मुंहा सांप, अजगर और 400 मिलीलीटर जहर जब्त किया। यह जहर नशे के लिए इंजेक्शन से देते थे। पुलिस को पूछताछ में पता चला कि जहर चंडीगढ़ से आया था।

फरवरी 2012 में दिल्ली के विवेक विहार में भी सांप का जहर बरामद हुआ था।

कर्जत में रेव पार्टी पर छापा

27 जून 2011

पुलिस ने देर रात रायगढ़ जिले के कर्जत में माउंट व्यू रिसॉर्ट की रेव पार्टी पर छापा मारा और रसूखदार घरों और फिल्मी परिवारों की 60 युवतियों समेत 300 को हिरासत में लिया। 10 नशा विक्रेता भी दबोचे गए।

यहां से पुलिस ने तीन करोड़ रुपए कीमत का नशा भी बरामद किया। इस पार्टी में मुंबई के ऐंटी-नार्कोटिक्स सेल के तत्कालीन इंस्पेक्टर अनिल जाधव भी थे।

खालापुर थाने के तत्कालीन इंस्पेक्टर एस. पाटिल ने बताया कि वहां से भारी मात्रा में नशा बरामद हुआ।

इस रेव पार्टी में बॉलीवुड स्टार विनोद खन्ना के बेटे साक्षी खन्ना को भी गिरफ्तार किया था।

बता दें कि विनोद खन्ना की दूसरी पत्नी कविता खन्ना के पुत्र साक्षी खन्ना हैं, तब उनकी उम्र 20 साल थी। वे लंदन से पढ़ाई कर चुके हैं। रामायण धारावाहिक में भरत के बचपन की भूमिका की थी।

कर्जत की रेव पार्टी पर छापामारी के विरोध में शिवसेना के पदाधिकारियों ने खासी हाय-तौबा मचाई। जिस होटल में रेव पार्टी थी, उसका मालिक शिवसेना की युवासेना का कार्यकर्ता था।

जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं को यह पता चला तो शिवसेना भवन पर प्रदर्शन करने जा पहुंचे। इससे वहां तनाव के हालत बन गए।

पुलिस ने होटल माउंट व्यू की रेव पार्टी मामले में होटल के सीओओ अपराजित मित्तल को अंधेरी, मुंबई से गिरफ्तार किया।

पार्टी में इंस्पेक्टर अनिल जाधव को युवाओं को नशा आपूर्ति के लिए गिरफ्तार किया था। बाद में उन्हें सरकार ने निलंबित कर दिया।

लोखंडवाला रेव पार्टी में गुजराती कारोबारी

27 जून 2009

मुंबई लोखंडवाला में पुलिस ने रेव पार्टी पर छापा मारा और 22 लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें गुजरात के दो व्यापारी, सात कॉलगर्ल, एक हाई प्रोफाइल मॉडल थे।

पुलिस को यहां से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब, कंडोम के पैकेट और 40 हजार रुपए नकद भी मिले थे।

रेव से 109 रईसजादे गिरफ्तार

19 नबंवर 2008

रेव पार्टी में पकड़े गए 250 लड़के-लड़कियों में से 119 की मेडिकल रिपोर्ट में से 109 के नशा करने की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली, जिसका सीधा सा मतलब है कि वहां खुलेआम नशाखोरी चल रही थी।

72 डिग्री ईस्ट पब की रेव पार्टी पर पुलिस ने छापा मार कर 231 युवाओं को गिरफ्तार किया था। उनमें शक्ति कपूर का बेटा सिद्धांत भी था। आठ नशा विक्रेता भी वहां मौजूद थे।

सिंबायोसिस कॉलेज छात्रों की रेव

4 अगस्त 2006

पुणे के मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट सिम्बॉयसिस के 254 लड़कों और 235 लड़कियों की एक रेव पार्टी पर छापा मारा गया और उन्हें हिरासत में लिया।

ये पार्टी पुणे-सोलापुर हाईवे पर एक फॉर्म हाउस में जारी थी। इसके बारे में मुंबई के एक मुखबिर के बताने पर पुलिस ने छापा मारा था।

सिम्बायसिस कॉलेज प्रबंधन ने कार्रवाई और जांच की बात कही। फिर धीरे से बात खत्म हो गई।

लोनावाला व्यापारियों की रेव पार्टी

1 अगस्त 2001

31 जुलाई और 1 अगस्त की दरमियानी रात में लोनावाला बदनाम हुआ। लोनावाला थाने की हद में पकना नगर के पास आपटी गांव के एक बंगले में तड़के तक चलन वाली एक रेव पार्टी पर पुलिस ने छापा मार कर रंग में भंग डाल दिया।

यहां से पुलिस ने शराब और ड्रग्स में मदहोश 12 बारबालाओं और 35 युवकों को गिरफ्तार किया। कई पार्टीबाज मुंबई के कारोबारी हैं।

पुलिस को पता चला कि पवना बांध के पास आपटी गांव के एक बंगले में रेव पार्टी जारी है। सुबह साढ़े चार बजे पुलिस ने यहां छापा मारा। सभी पार्टीबाजों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। तमाम सामान भी जब्त कर लिया। 6,100 रुपए कीमत की विदेशी शराब और बीयर बरामद हुई। 24 हजार रुपए नकद भी मिले।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हिरासत में आईं बारबालाओं में कोलकाता, राजस्थान, उत्तरप्रदेश और महाराष्ट्र की लड़कियां थीं। हिरासत मे लिए युवकों में अधिकांश 20 से 30 साल की उम्र के थे। वे मुंबई के उपनगरों नवी मुंबई, ठाणे, घाटकोपर और अंधेरी से थे। इनमें भी अधिकांश बिल्डर हैं।

यह बंगला गोल्डी चोपड़ा नामक व्यक्ति का है। यहां रात साड़े आठ बजे से ही पार्टी चालू हो गई थी। बंगले का मालिक वाशी निवासी एक बिल्डर ही है।

सबको वडगांव मावल अदालत में पुलिस ने सुबह पेश किया। अदालत ने सबकी जमानत अर्जियां रद्द कर 5 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में रखने के आदेश दे दिए। पुलिस ने उन्हें यरवदा जेल, पुणे भेज दिया।

…और अंत में

रेव पार्टियां बंद करवाने का क्या तरीका है?

सवाल यह नहीं है कि रेव पार्टियां बंद करवानी चाहिएं। सवाल यह है कि क्यों बंद करवानी चाहिएं?

समाज में सैंकड़ों बरसों से शराब और शबाब के साथ मौज-मस्ती करने की तमाम मिसालें मिलती हैं। जरूरत इस बात की नहीं है कि इन पर पाबंदी लगाई जाए, जरूरत इसकी है कि इन्हें नियंत्रित किया जाए। कम से कम टैक्स लगा कर लोगों को सुरक्षित और शालीन दावतें करने की छूट मिलनी चाहिए।

जब तक इन पर नियंत्रण लगाने की कोशिश होती रहेगी, तब तक ये अबाध ऐसे ही चलती रहेंगीं। अमीरों का संकट यह है कि वे अपने पास मौजूद अकूत संपदा का इस्तेमाल कहां करें। कुछ नया करने के चक्कर में ड्रग्स तथा ओर्गी जैसी बुराईयों में फंसते हैं। यह मानसिक समस्या है, जिससे बचने की जरूरत महसूस होती है।

एक बात और है कि देश में झूठे राष्ट्रवाद और झूठी प्राचीन परंपराओं की दुहाई देकर लोगों को मौज-मस्ती से विमुख करने वाले कथित झंडाबरदारों को समझना होगा कि सप्ताह में पांच या छह दिन टूट कर मेहनत करने वालों को कुछ राहत की जरूरत होती है। वे आपस में मिलना, कुछ देर बातें करना, संग नाचना-गाना और मौज-मस्ती करना चाहते हैं। उन्हें तनाव मुक्त क्षण हासिल हों, इसके लिए कुछ ढील दी जाए, तो ही बेहतर होगा।

वक्त बदल चुका है, मानसिकता तेजी से बदली है। उसी हिसाब से कानून और व्यवस्था तक उनका पालन करवाने वाले ही कुछ बदलें तो बेहतर होगा।

समाप्त

रेव माफिया 01: नशे और वासना का कॉकटेल

रेव माफिया 02: डांस+डोप+डीजे+सेक्स = रेव पार्टी

रेव माफिया 03: इंटरनेट पर नशा निमंत्रण

रेव माफिया 04: कोडवर्ड में रेव

रेव माफिया 05: द व्हाईट पार्टी

रेव माफिया 06: रेव में राड़ा

Leave a Reply

Web Design BangladeshBangladesh Online Market