Crime

साध्वी प्राची के विवादित बोल, दिग्गी राजा पोता खिलाएंगे या बेटा!

गोरखपुर, 29 सितंबर 2015।

उत्‍तरप्रदेश में शहर गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में आयोजित ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रथम पुण्यतिथि कार्यक्रम में शामिल होने आईं भाजपा नेता साध्वी प्राची एक बार फिर विवादित बयानों से सुर्खियों में हैं। साध्वी ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह पर बेतहाशा निशाना साधा है।

 

हिंदुत्ववादी नेता साध्वी प्राची ने कांग्रेस उपाध्‍यक्ष राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि सियासत करना राहुल गांधी के बस की बात नहीं। इसे सोनिया गांधी बेहतर जानती हैं, इसीलिए हर बार देश में चुनाव आते ही राहुल को मम्मी सोनिया समझा-बुझाकर विदेश भेज देती हैं।

 

इतना ही नहीं साध्वी ने कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष को भी अपनी औकात मालूम है, इसीलिए आराम करने अमेरिका चले गए हैं। उन्होंने वरिष्ठ कांग्रेसी नेता दिग्विजय सिंह की पत्रकार अमृता राय से शादी करने पर चुटकी लेते हुए कहा कि दिग्गी राजा सोचें कि अब गोद में पोता खिलाएंगे या बेटा?

 

साध्वी ने पहले भी कई विवादित टिप्पणियां की हैं। उन्होंने कहा कि बकरीद के दिन करोड़ों पशुओं की बलि दी गई। बावजूद इसके अदालत यदि पशु बलि याचिका पर सुनवाई से मना करे तो यह सरासर गलत है।

 

साध्वी ने सुप्रीम कोर्ट जजों को नसीहत देते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट के बुद्धिजीवी जजों को सोचना चाहिए कि आखिर उन मूक पशुओं ने किसी का क्या बिगड़ा है, जिनकी बलि दी जाती है। किसी की जान बचाने के लिए बलि पर रोक लगानी चाहिए।

 

साध्वी ने राजद नेता लालू प्रसाद यादव द्वारा प्रधानमंत्री पर दिए बयान को आड़ें हाथों लिया है, जिसमें लालू ने कहा है कि मोदी अमेरिका से बीजेपी के लिए सीएम उम्मीदवार तलाशने गए हैं। साध्वी ने कहा कि लालू का बयान बचकाना है।

 

साध्वी ने कहा कि चारा घोटाले में जेल जाने के बाद अपनी अनपढ़ पत्नी को मुख्यमंत्री बनाने वाले से यही उम्‍मीद की जा सकती है। साध्वी ने उम्मीद जताई कि बिहार में भाजपा गठबंधन की ही सरकार बनेगी।

 

साध्वी प्राची ने महंत अवैद्यनाथ के नाम पर डाक टिकट जारी होने के मुद्दे पर कहा कि चूंकि उन्होंने देश हित में काम किया है इसलिए उनके नाम पर डाक टिकट जरूर जारी होना चाहिए। साध्वी ने महंत अवैद्यनाथ के देश हित में किए कामों की तुलना में नेहरू खानदान के काम को कमतर बताया है।

Courtesy: Attack News, Ujjain

Leave a Reply

Web Design BangladeshBangladesh Online Market