ArticlesCeleb CrimeCrimeDrugsExclusive

Rave Party Mafia 05: द व्हाईट पार्टी

रेव पार्टी याने हंगामा, मौज-मस्ती, लड़कियां, नशा, पैसा, ताकत। मुंबई में रेव पार्टी सभ्य समाज के कोढ़ सरीखा है। एक रेव पार्टी ने तो सभ्यजनों के खेल क्रिकेट को भी कलंकित कर दिया। आईपीएल को इसके बाद से ही ‘इंडियन पाप’ लीग भी कहा जाने लगा। होटल ओकवुड प्रीमियर के रूफटॉप रेस्तोरां अजोक के बारे में मशहूर है कि यहां बड़ी-बड़ी फिल्मी हस्तियों के हर रोज नकाब और कपड़े दोनों उतरते हैं। मस्ती माफिया रेव पार्टियां आयोजित करता है। पूरे देश में मस्ती माफिया विस्तार पा चुका है। मुंबई, दिल्ली, बंगलुरू, कोलकाता, चेन्नई ही नहीं इंदौर, रायपुर, भोपाल, लखनऊ, पटना, रांची जैसे छोटे शहरों में भी आम चलन में आ चुकी मस्ती माफिया की रेव पार्टियों के सनसनीखेज संसार की सैर पर चलें विवेक अग्रवाल के साथ।

मुंबई के तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी राकेश मारिया उन दिनों दक्षिण मुंबई के अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर थे। उन्होंने मालाड में समंदर किनारे मड आईलैंड के एक बंगले में चल रही हंगामेदार ‘व्हाईट पार्टी’ का भंडाफोड़ किया था। इस रेव पार्टी में नग्न पुरुष नृत्य कर रहे थे। खुलेआम शराब, शबाब, कबाब और ड्रग्स के दौर जारी थे।

‘व्हाईट पार्टी’ में महिलाओं की संख्या अधिक थी। मुंबई में पहली बार ‘मेल स्ट्रिप्टीज’ याने पुरुषों का नग्न नृत्य जो होने वाला था। मस्ती माफिया ने ‘व्हाईट पार्टी’ के लिए बाकायदा दो हजार रुपए प्रति व्यक्ति प्रवेश शुल्क वसूला था।

रेव की वह रात

5 जून 1999 की रात मालाड (प) के मड-आईलैंड के बंगले में देर रात मुंबई पुलिस के उत्तर पश्चिम क्षेत्र पुलिस मुख्यालय के विशेष दस्ते ने छापा मारा। वहां चल रही रेव पार्टी में शामिल 150 धन कुबेरों और अमीरजादों को गिरफ्तार कर लिया। हिरासत में दो अमरीकी नागरिक भी आए। रेव पार्टी आयोजित करने और तीन को नग्न नृत्य करने के आरोप में अदालत में पेश भी किया। बाकियों के निजी मुचलके पर पुलिस ने रविवार की सुबह तक ही रिहा कर दिया।

यह मामला छपने से रोकने के लिए मुंबई कांग्रेस के एक ताकतवर नेता का कुछ अखबारों में फोन भी पहुंचा।

मस्ती माफिया अजय मेहता

महीने में दो-तीन बार आयोजित होने वाली इस रेव पार्टी का आयोजन अजय धनावत शाह उर्फ अजय मेहता करता है।

23 वर्षीय अजय मेहता तो अमीरों-उमरावों में न्यूड पार्टियां और रेव पार्टियां देने में मशहूर है। उसने अपनी नग्न नाच पार्टी के लिए पास भी बनवा रखा है, जिस पर एक ओर पूर्ण नग्न पुरुष की तस्वीर है, दूसरी तरफ पार्टी के बारे में विस्तार से सारी बातें दर्ज हैं।

मालाड के मड-आईलैंड पर स्थित सिल्वर सैंड होटल के करीब स्थित पाटिल वाड़ी के भव्य बंगले में अजय हमेशा नग्न नाच पार्टी का आयोजन करता है। उसकी रेव पार्टी के बारे में अमीर लोगों के बीत अपने आप ही चर्चा चलती है। हर बार उसके पार्टियों में डेढ़ सौ से दो सौ लोग शामिल होते हैं। इन पार्टियों में न केवल पुरुष नर्तक और हिजड़े नंगे नाचते करते हैं बल्कि महिला नृत्यांगनाएं भी पूरी तरह निर्वस्त्र होकर नाचती हैं।

पार्टी में आने-जाने के लिए ‘मेहमानों’ को तकलीफ न हो, इसका अजय खास खयाल रखता है। उसने मालाड (प) रेलवे स्टेशन के बाहर रात को विशेष रूप से नृत्य स्थल तक आने-जाने के लिए वातानुकूलित बसों की व्यवस्था की। ये बसें रात नौ बजे से शुरू होतीं, तड़के साढ़े पांच बजे तक नशे में धुत्त मेहमानों को मालाड स्टेशन तक छोड़ती रहतीं।

छापे की तैयारी

तत्कालीन अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (उ-प क्षेत्र) राकेश मारिया के मुताबिक अजय की पार्टियों में 18 से 60 साल तक के लोग शामिल होते हैं। इस पार्टी की जानकारी मिली तो पहले चुपचाप तस्दीक करवाई। बाद में पुलिस इंस्पेक्टर के मातहत 16 सब-इंस्पेक्टरों, दो महिला सब-इंस्पेक्टरों, 30 कांस्टेबल और सात महिला कांस्टेबल का विशेष दस्ता तैयार किया।

शनिवार की रात साढ़े 11 बजे ‘द व्हाईट पार्टी’ शुरू हुई। रात लगभग डेढ़ जब पूरे जोश पर थी, एक महिला और एक पुरूष पुलिस अधिकारियों के साथ दो कांस्टेबलों ने निशान लगे रुपए देकर चार टिकट लिए। वे भी पार्टी में जा शामिल हुए।

दावत की रंगीनियां बढ़ती जा रही थीं। वहां खूब आतिशबाजी थी। लेज़र लाईटों और विशेष रोशनी वाले उपकरणों से सजे मंच पर महिला मेहमान भी चढ़ गईं। उन्होंने आगे बढ़ कर पुरुष नर्तकों के कपड़े उतार दिए।

ठीक उसी समय पुलिस ने छापा मारा। पुलिस को देखते ही भगदड़ मच गई। सारे मेहमान इधर-उधर भागने की कोशिश करने लगे। कुछ ने अपने ऊंचे रसूख को लेकर अधिकारियों को आंख दिखानी चाही।

आयोजक भी नग्न नर्तकी

पुलिस ने सभी मेहमानों और आयोजकों को गिरफ्तार कर लिया। अजय के अलावा दो आयोजक पकड़े गए। उनके नाम कुमारी निमीता किरण शाह (28) और सुनीता शाम गोयनका (20) हैं।

पुलिस के मुताबिक किरण इन दावतों में खुद भी नग्न नाचती है। जिन पुरुष नर्तकों को पुलिस ने नग्न नाचते गिरफ्तार किया, उनके नाम हंसियन असगर अली राजन (27), कमलेश विट्ठल पुजारी (20) और मोहम्मद नदीश सैय्यद (24) हैं।

पुलिस ने तमाम मेहमानों, आयोजकों और नर्तकों को गिरफ्तार कर मालाड थाने लाए। मेहमानों के नाम-पते लिख कर सबको निजी मुचलके पर सुबह तक रिहा कर दिया।

आयोजकों के खिलाफ अश्लीलता फैलाने, बिना मंजूरी के संगीत उपकरण लगाने और बिना लाईसेंस पैसे लेकर पार्टी करने के मामले दर्ज किए।

पुलिस अधिकारियों ने नग्न नाच पार्टी में शामिल मेहमानों के नाम उजागर करने से इंकार कर दिया। इतना ही बताया कि मेहमानों में 20 महिलाएं थी।

पुलिस ने 28 हजार रुपए कीमत की शराब और 1.06 लाख रुपए कीमत के संगीत-रोशनी वाले उपकरण जब्त किए।

पुलिस कार्रवाई में झोल

अर्थक्वेक डिस्कोथेक के डिस्क जॉकी (डीजे) जय मेहता भी वहां मौजूद थे। उनके साऊंड इक्विपमेंट का इस्तेमाल रेव पार्टी में इस्तेमाल हो रहा था। पुलिस ने न उनके संगीत उपकरण जब्त किए, न श्री मेहता को गिरफ्तार किया।

उन्होंने पुलिस को बयान दिया कि इस अश्लील नाच पार्टी से उनका कुछ लेना-देना नहीं है। उन्हें सिर्फ संगीत उपकरण किराए पर लाने के लिए कहा था। वे यहां डिस्क लगा कर संगीत सुना रहे थे।

सवाल यह खड़ा हुआ कि बिना अनुमति लाऊड-स्पीकर लगाने का मामला जब ‘द व्हाईट पार्टी’ संचालकों के खिलाफ दर्ज हुआ, तो यही श्री मेहता के खिलाफ क्यों नहीं दर्ज हुआ? इसका जवाब देने से हर पुलिस अधिकारी बचता रहा।

पार्टी में मलाबार हिल, जूहू, पैडर रोड, बांद्रा, वालकेश्वर, वरसोवा इलाके के रईस और उनके बेटे-बेटियां मौजूद थे। दो अमरीकी नागरिक भी थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अमरीकी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई सरकार ही करेगी। उन्हें भी पुलिस ने निजी मुचलके पर रिहा कर दिया।

नेताजी कहीन – खबर रोको

इस पार्टी की खबर छापने के रोकने के लिए महाराष्ट्र कांग्रेस के एक ताकतवर नेता का फोन भी कुछ अंग्रेजी अखबारों में गया। उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल कुछ लोग पहली बार दए थे। उन्हें पता न था कि वहां क्या होगा। अखबारों में कम से कम उनके नाम न छापे जाएं। पुलिस अधिकारी भी इसी नेता के दबाव में मेहमानों के नाम बताने से बचते रहे।

जारी…

रेव माफिया 01: नशे और वासना का कॉकटेल

रेव माफिया 02: डांस+डोप+डीजे+सेक्स = रेव पार्टी

रेव माफिया 03: इंटरनेट पर नशा निमंत्रण

रेव माफिया 04: कोडवर्ड में रेव

रेव माफिया 05: द व्हाईट पार्टी

रेव माफिया 06: रेव में राड़ा

Leave a Reply

Web Design BangladeshBangladesh Online Market