CrimeExclusiveSatta

Election Betting: लोकसभा चुनाव 2024 में तकरीबन 6 लाख करोड़ का सट्टा लगने का अनुमान

विवेक अग्रवाल

मुंबई, 23 मई 2024

मुंबई का सट्टाबाजार इस बार भी भारतीय जनता पार्टी को ही लोकसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर देख रहा है।

लोकसभा की 543 सीटों के लिए घमासान मचा हुआ है।

सट्टाबाजार को इस चुनाव में लगभग 6 लाख करोड़ रुपयों का सट्टा लगने को उम्मीद है।

लोकसभा चुनाव 24 के भाव

शुरुआती भाव

2019 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को 303 सीट मिली थी जबकि कांग्रेस 52 सीट पर सिमट कर रह गई थी।

2024 लोकसभा चुनाव की तैयारी में बुकी तीन महीने पहले से ही जुट गए थे।

बुकियों ने चुनाव शुरू होने से लगभग एक महीना पहले 316 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी को विजय मिलने के लिए एक रुपए यानी इवन मनी का भाव लगाया था। इसके सामने कांग्रेस को लगभग 55 सीट मिलने की संभावना जताते हुए एक रुपए का भाव शुरू किया था।

दो चरण बाद के भाव

जब लोकसभा चुनाव में मतदान के दो चरण खत्म हुए, तब तक यह भाव ऊपर नीचे होने लगा था। भारतीय जनता पार्टी की जीत की संभावना में गिरावट देखी गई।

मुंबई सट्टाबाजार के मुताबिक यह संख्या 290 सीट तक उतर आई थी, और कांग्रेस 65 सीट तक बढ़ गई थी।

इसका कारण मतदान का प्रतिशत कम होना बताया जा रहा था।

चौथा चरण के बाद

चौथा चरण खत्म होने तक भाजपा के लिए सट्टाबाजार में फिर से उछाल आया।

लोकसभा चुनाव 24 में फैंसी सट्टे के सौदे के भाव

अब भाजपा के खाते में 301 सीट्स हैं और 60 सीट्स कांग्रेस को मिलना बताया जा रहा है।

भाजपा कांग्रेस के भाव

मुंबई सट्टाबाजार के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी के 250 सीट जीतने पर 12 पैसे, 275 सीट जीतने पर 27 पैसे, 301 सीट पर एक रुपया, 310 सीट पर 1.65 रुपए, 325 सीट पर 3.50 रु. का भाव है। कांग्रेस की 50 सीट पर 33 पैसे, 60 सीटों पर एक रूपया, 61 सीट पर 1.15 रुपए, 62 सीट पर 1.40 रुपए के भाव फिलहाल चल रहे हैं।

भाजपा के राज्यवार आंकड़े

भारतीय जनता पार्टी के लिए राज्यवार सीट हासिल करने पर भी इस साल पहली बार सट्टा खुला है। गुजरात में 26 सीट की जीत पर 70 पैसे, मध्यप्रदेश की 28 सीट के लिए एक रुपया, राजस्थान की 19 सीट एक रुपया, पश्चिम बंगाल 20 सीट पर एक रुपया, हिमाचल प्रदेश चार सीट 80 पैसे, उत्तरप्रदेश 64 सीट पर एक रुपया, आंध्रप्रदेश 8 सीट 1.30 रु., कर्नाटक 18 सीट एक रुपया, छत्तीसगढ़ 10 सीट एक रुपया, उत्तराखंड 5 सीट 10 पैसे, झारखंड 5 सीट 60 पैसे, दिल्ली 6 सीट एक रुपया, हरियाणा पांच सीट एक रुपया, तमिलनाडु तीन सीट एक रुपया, पंजाब दो सीट एक रुपया, गोवा एक सीट एक रुपया के भाव दिख रहे हैं।

चौंकाते आंकड़े

भारतीय सट्टाबाजार के इतिहास में पहली बार ऐसा चौंकाने वाला आंकड़ा सामने आया है, जिससे सभी हतप्रभ हैं।

सट्टाबाजार को लोकसभा चुनाव 2024 में ही 6 से 7 लाख करोड़ रुपए का कारोबार होने की संभावना दिख रही है। इसके पहले तमाम चुनावों पर अधिकतम डेढ़ या दो लाख करोड़ रुपए तक का सट्टा लगा था।

सट्टाबाजार के जानकारों का कहना है कि चुनाव सट्टे में राजनीति से जुड़े लोग ही बड़े पैमाने पर पैसा लगाते हैं।

ऑनलाइन का खेल

अब सट्टेबाजी पूरी तरह ऑनलाइन हो चुकी है। फोन पर काम पूरी तरह बंद हो चुका है। सभी बुकी अपने ऑनलाईन सट्टेबाजी के पोर्टल तथा ऐप्स के सर्वर विदेशों में रखते हैं।

ऑनलाइन सट्टेबाजी में जो पंटर को जितनी लिमिट  मिलती है, उससे ऊपर के सौदे नहीं करने दिए जा रहे हैं।

आजकल सभी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म एडवांस में पैसा जमा करवाते हैं। हार-जीत का फैसला और रकम की अदायगी यानी वलन उसी दिन हो जाता है।

यदि कोई पूरी रकम हार चुका है, तो उसे रकम दोबारा जमा करनी पड़ती है, तभी उसे सट्टा लगाने का मौका मिलता है।

…समाप्त…

अस्वीकरण: इंडिया क्राईम सट्टेबाजी का समर्थन नहीं करता है। ये खबर इस इरादे से लिखी गई है कि समाज को सतर्क किया जाए, जांच एजंसियों को इस अपराध की सूचना पहुंच सके, इस पर लगाम लगाई जा सके। इस खबर के जरिए किसी पार्टी विशेष को लाभ या हानि पहुंचाने का कतई इरादा नहीं है। – संपादक

….

Leave a Reply

Web Design BangladeshBangladesh Online Market